-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

मजदूरों की बकाया मजदूरी और भूमि कब्जे के मामले में इंटक ने उठाई आवाज, कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

मजदूरों की बकाया मजदूरी और भूमि कब्जे के मामले में इंटक ने उठाई आवाज, कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 27 जुलाई। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने सोमवार को जिले के विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बाहरी राज्य में काम करने गए मजदूरों की बकाया मजदूरी दिलाने तथा ग्राम कसईबहरा में कथित भूमि कब्जे और मारपीट के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि जिले के लगभग 60 स्थानीय मजदूरों को एक ठेकेदार काम के लिए कर्नाटक ले गया था। आरोप है कि मजदूरों से कार्य कराने के बाद उन्हें उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। मजदूरों के वापस लौटने पर उन्होंने अपनी शिकायत इंटक कार्यालय में दर्ज कराई, जिसके बाद संगठन ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर मजदूरों का बकाया भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।

ज्ञापन में दूसरा प्रमुख मामला ग्राम कसईबहरा के निवासी निरंजन प्रसाद की पट्टे की भूमि से जुड़ा है। आरोप है कि शेषराम नामक व्यक्ति ने कथित रूप से लाठी के बल पर भूमि पर कब्जा कर लिया। शिकायत के अनुसार इस संबंध में थाना गौरेला में कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

इंटक ने यह भी आरोप लगाया कि निरंजन प्रसाद के साथ गंभीर मारपीट की गई थी, जिसमें उनके सिर पर दस टांके आए। इसके बावजूद, 26 जुलाई को कथित रूप से कुछ लोगों द्वारा विवादित भूमि पर जबरन जुताई-बोवाई कर दी गई।

इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने कहा कि यदि पट्टाधारी की भूमि पर इस प्रकार जबरन कब्जा और हमला होता है तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

कलेक्टर कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन पर प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, शिकायत की प्रति पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भी भेजी गई है। प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर अब संबंधित पक्षों की नजर बनी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.