-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

मजदूर, किसान और आदिवासियों की समस्याओं को लेकर इंटक का कलेक्टर-एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन, तीन मामलों में सौंपा ज्ञापन


मजदूर, किसान और आदिवासियों की समस्याओं को लेकर इंटक का कलेक्टर-एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन, तीन मामलों में सौंपा ज्ञापन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी के नेतृत्व में इंटक पदाधिकारियों, मजदूरों, किसानों और आदिवासी परिवारों ने सोमवार को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मजदूरों के शोषण, आदिवासी की पैतृक भूमि पर कथित कब्जा तथा मजदूरी भुगतान नहीं किए जाने सहित तीन प्रमुख मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

पहले मामले में ग्राम पंचायत कसई बहरा के मजदूरों ने आरोप लगाया कि अधिक मजदूरी का लालच देकर उन्हें तेलंगाना और महाराष्ट्र ले जाया गया, जहां रेलवे कार्य में उनसे काम कराया गया। मजदूरों का आरोप है कि काम पूरा कराने के बाद उन्हें मजदूरी नहीं दी गई तथा मजदूर गोलू सिंह गोंड का मोबाइल छीन लिया गया और उन्हें बंधक बनाकर रखा गया। किसी तरह गोलू सिंह वहां से निकलकर अपने गांव पहुंचे और इंटक कार्यालय में पूरी जानकारी दी। इदरीस अंसारी ने बताया कि संबंधित ठेकेदारों से फोन पर संपर्क कर मजदूरों की मजदूरी दिलाने और अन्य मजदूरों को मुक्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद मामले की शिकायत कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को की गई। कलेक्टर ने स्वयं मजदूरों से जानकारी लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

दूसरे मामले में ग्राम कसई बहरा निवासी आदिवासी निरंजन भैना ने अपनी पैतृक भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और टांके लगाने पड़े। पीड़ित का कहना है कि राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य अधिकारियों से शिकायत के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई। इंटक ने इस मामले में भी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी गौरेला को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया तथा आगे उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

तीसरे मामले में कोरजा निवासी मजदूर विनोद सोनी ने आरोप लगाया कि गौरेला निवासी एक लेबर ठेकेदार ने मकान में नल फिटिंग और बिजली का कार्य कराने के बाद कई वर्षों से उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया। इंटक ने आरोपित ठेकेदार के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराते हुए मजदूरी की राशि ब्याज सहित दिलाने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इंटक प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने कहा कि संगठन मजदूरों, किसानों और आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा तथा किसी भी पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला सचिव राकेश पुरी, जिला महामंत्री आबिद भाई, महिला जिला उपाध्यक्ष गोमती पुरी, धन कुंवर, जिला कार्यालय प्रभारी ओमकार पांडे, जिला महामंत्री मदन मोहन, पंचायत अध्यक्ष पतरकोनी सहित बड़ी संख्या में इंटक पदाधिकारी, मजदूर और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.