बिजली विभाग में ठेकेदारों की मनमानी पर लगेगा लगाम, मजदूरों की पूरी जानकारी मांगी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
जिले में बिजली विभाग के ठेकेदारों द्वारा मजदूरों के साथ हो रहे संभावित शोषण को लेकर अब सख्ती शुरू हो गई है। इंटक प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता एन. पी. सिंह को लिखित आवेदन सौंपकर विभाग में कार्यरत मजदूरों की पूरी जानकारी मांगी है।
इदरीस अंसारी ने अपने आवेदन में मांग की है कि बिजली विभाग में ठेकेदारों द्वारा लगाए गए सभी मजदूरों की सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनसे संपर्क कर उनकी मजदूरी, सुरक्षा, बीमा और अन्य सुविधाओं की स्थिति का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि इन मजदूरों को श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ना आवश्यक है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
मीडिया से चर्चा करते हुए अंसारी ने स्पष्ट किया कि इंटक संगठन ने संकल्प लिया है कि जिले में किसी भी मजदूर का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर से निर्देश प्राप्त हुए हैं कि सभी विभागों, दुकानों और संस्थानों में कार्यरत दैनिक मजदूरों की जानकारी जुटाई जाए और उन्हें उनके अधिकार दिलाए जाएं।
इंटक अध्यक्ष ने आगे बताया कि इस संबंध में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी सूचित कर दिया गया है, ताकि जानकारी एकत्र करने के दौरान किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि संगठन जिले के हर उस स्थान पर पहुंचेगा, जहां मजदूर कार्य कर रहे हैं, ताकि उन्हें उनका हक और अधिकार दिलाया जा सके।
