-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

गरीब आदिवासी किसान की जमीन पर दबंगों का कब्जा, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

गरीब आदिवासी किसान की जमीन पर दबंगों का कब्जा, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
जिले के गौरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पढ़खुरी से एक गरीब आदिवासी किसान की जमीन पर जबरन कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे वह न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान राम भजन ओट्टी की जमीन पर मध्यप्रदेश के जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम लपटा निवासी प्रेम सिंह खुसरो अपने साथी राम सिंह मरावी के साथ मिलकर जबरन कब्जा कर रहे हैं। आरोप है कि दोनों न केवल जमीन पर कब्जा किए हुए हैं, बल्कि वहां लगी फसल को भी काट रहे हैं।

पीड़ित किसान ने बताया कि उसने अपनी जमीन खेती के लिए अपने परिजन भंवर सिंह मरावी को दी थी, लेकिन दबंगों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया गया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती है, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

किसान राम भजन ओट्टी ने बताया कि उसने इस संबंध में पहले भी थाना गौरेला में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा उस समय के थाना प्रभारी द्वारा उसे ही कार्रवाई की धमकी दी गई, जिससे वह और अधिक भयभीत हो गया और आगे शिकायत करने से कतराने लगा।

बाद में गांव के लोगों की सलाह पर पीड़ित किसान राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला कार्यालय पहुंचा और अपनी समस्या से अवगत कराया। शिकायत मिलने के बाद इंटक के जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संगठन के पदाधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित किसान को सभी दस्तावेजों के साथ दो दिन बाद पुनः बुलाया गया है।

किसान द्वारा जमीन से संबंधित सभी दस्तावेज शिकायत के साथ प्रस्तुत किए गए हैं। अब देखना होगा कि संगठन पीड़ित को उसका हक दिलाने में कितना सफल होता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.