गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
जिले में मजदूरों के अधिकार और मजदूरी सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) सक्रिय नजर आ रही है। इंटक के जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पूरे जिले में व्यापक दौरा करने की घोषणा की है।
इस संबंध में इदरीस अंसारी ने इंटक परिवार एवं कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि इंटक टीम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर मजदूरों की स्थिति का जायजा लेगी और उनकी मजदूरी, सुरक्षा तथा बीमा से जुड़ी जानकारी एकत्र करेगी।
इंटक द्वारा कपड़ा दुकान, मोटरसाइकिल गैरेज, चिकन दुकान, किराना दुकान, मोटरसाइकिल एजेंसी, निजी अस्पताल, पेट्रोल पंप, आरा मिल, राइस मिल तथा निर्माण कार्यों सहित सभी स्थानों का दौरा किया जाएगा, जहां असंगठित क्षेत्र के मजदूर कार्यरत हैं।
जिला अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि यदि किसी भी स्थान पर मजदूरों से मिलने में बाधा उत्पन्न की जाती है या मालिकों द्वारा सहयोग नहीं किया जाता है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मीडिया से चर्चा में इदरीस अंसारी ने बताया कि प्रदेश इंटक के निर्देशानुसार मजदूरों का पंजीयन श्रम विभाग में करवाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी संस्थान में निर्धारित मजदूरी से कम भुगतान किया जा रहा है, तो श्रम कानून के तहत तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इंटक अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, एकत्रित जानकारी प्रदेश इंटक को भेजी जाएगी, जिससे असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए आगे की रणनीति तैयार की जा सके।
अब देखना होगा कि इंटक का यह अभियान मजदूरों को कितना लाभ पहुंचाता है और प्रशासनिक स्तर पर कितनी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो पाती है।
