-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

एआई जनरेटेड अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर नाबालिग को किया ब्लैकमेल, व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल, दो सप्ताह बाद भी आरोपी फरार, पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई गुहार





 कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बनबंधा में 25 वर्षीय युवक ने एक नाबालिग लड़की की एआई (Artificial Intelligence) से जनरेटेड अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिए। घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार भय के साए में जी रहा है।

पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान रतिराम यादव (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से नाबालिग लड़की पर बुरी नीयत रखता था और उसे परेशान करता था।

मिलने के लिए दबाव, नहीं आई तो वीडियो वायरल

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने लड़की की एआई जनरेटेड अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे भेजा और मिलने के लिए दबाव बनाया। आरोपी ने धमकी दी कि यदि वह मिलने नहीं आई तो वह फोटो-वीडियो को गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर देगा।

लड़की द्वारा मिलने से इनकार करने पर आरोपी ने अपनी धमकी को अंजाम देते हुए अश्लील फोटो और वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिए, जिससे पीड़िता और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।

धमकी देने का आरोप, पुलिस पर भी सवाल

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के परिजनों ने 5 दिसंबर 2025 को पाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया, लेकिन करीब दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी खुलेआम उन्हें धमकी दे रहा है और कह रहा है कि उसने पुलिस और साइबर सेल को “खरीद” लिया है, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

एसपी से की गिरफ्तारी की मांग

आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कोरबा से मुलाकात कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के लिए कटघोरा थाना प्रभारी धरम नारायण तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि साइबर साक्ष्यों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.