-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

थाना से 200 मीटर दूर युवक की पत्थर से हत्या, एक नाबालिग हिरासत में




 कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंडरिया नगरपालिका क्षेत्र के घोघरा पारा में रविवार देर रात पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात पंडरिया थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक युवक की पहचान कुनाल पुरकर (22 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने युवक पर पत्थर से लगातार वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।

थाना घेराव, सख्त कार्रवाई की मांग

हत्या की वारदात के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पंडरिया थाना का घेराव किया। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और विवाद के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.