दिल्ली ब्लास्ट के आतंकी मॉड्यूल में शामिल डॉक्टर्स विस्फोटक जुटाने के लिए सैलरी से पैसा देते रहे। गिरफ्तार डॉक्टरों की बैंकिंग डिटेल और मोबाइल रिकॉर्ड से इसके सबूत मिले हैं। सहारनपुर के फेमस मेडिकेयर अस्पताल में काम करने वाले डॉ. आदिल अहमद की वॉट्सऐप चैट भी सामने आई है, जिसमें वह एडवांस सैलरी के लिए गिड़गिड़ा रहा है।
जांच एजेंसी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा में फरीदाबाद के धौज और फतेहपुर तगा गांव में बरामद सामग्री और दिल्ली ब्लास्ट में इस्तेमाल विस्फोटक पर डॉक्टरों ने 26 लाख रुपए खर्च किए थे। इसमें से 8 लाख रुपए डॉ. आदिल ने दिए थे। जांच एजेंसियां अब आदिल के संपर्कों की तलाश कर रही हैं।
नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की जांच आगे बढ़ रही है तो नए खुलासे हो रहे हैं। अभी तक 2 हजार से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ हो चुकी है। जांच में सामने आया है कि आतंकी मॉड्यूल में शामिल डॉ. आदिल, डॉ मुजम्मिल, डॉ शाहीन सईद और डॉ उमर नबी ने ब्लास्ट की तैयारी काफी पहले ही शुरू कर दी थी।

