जगदलपुर। संभागीय मुख्यालय से लगभग 7 किमी दूर ग्राम सेमरा स्थित करोड़ों की लागत से बना रिसायकल प्लांट बुधवार देर रात अचानक आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। करीब 5 एकड़ क्षेत्र में फैला यह प्लांट पिछले वर्ष मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा उद्घाटित किया गया था। प्लांट में संभाग भर की अनुपयोगी प्लास्टिक सामग्री को रिसायकल कर प्लास्टिक ग्रैन्यूल्स तैयार किए जाते थे।
अचानक लगी आग में प्लांट का बड़ा हिस्सा तथा प्लास्टिक रिसायकल के लिए रखी सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों का अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी।
प्लांट के जलने से आसपास के ग्रामीणों को मिलने वाला रोजगार भी प्रभावित हो गया है, जिससे बड़ी संख्या में लोग अब बेरोजगार हो सकते हैं। पुलिस और प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटा है।

