रायपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी छत्तीसगढ़ में तेजी पकड़ चुकी है। 15 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के पांचवें दिन 19 नवंबर को किसानों से 7,11,353 क्विंटल धान खरीदा गया। यह मात्रा पहले चार दिनों में हुई कुल खरीदी के लगभग बराबर है। अब तक 14,54,451 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जा चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर किसानों को भुगतान भी शुरू कर दिया गया है। इसके लिए मार्कफेड ने अपेक्स बैंक को 214.18 करोड़ रुपये जारी किए हैं। सरकार पहले ही मार्कफेड को धान खरीदी के लिए 26,200 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी दे चुकी है।
सभी उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा गया है और अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। गड़बड़ी रोकने के लिए चेकपोस्टों पर कड़ी निगरानी है। अभियान के तहत अब तक 373 मामले दर्ज हुए हैं और 25,567 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है।
मैदानी जिलों में धान की आवक सबसे तेज है। प्रमुख जिलों में खरीदी इस प्रकार हुई—
-
बेमेतरा: 1,86,972 क्विंटल
-
रायपुर: 1,52,850 क्विंटल
-
धमतरी: 1,55,275 क्विंटल
-
राजनांदगांव: 1,60,247 क्विंटल
-
बालोद: 1,44,468 क्विंटल

