नई दिल्ली। दुबई एयरशो में 21 नवंबर को हुए तेजस फाइटर जेट के क्रैश के बाद आर्मेनिया ने भारत के साथ चल रही तेजस लड़ाकू विमान खरीद वार्ता को फिलहाल रोक दिया है। इजराइली मीडिया यरूशलम पोस्ट की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह निर्णय हादसे के तुरंत बाद लिया गया। इस दुर्घटना में भारतीय पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की दुखद मृत्यु हो गई थी।
1.2 बिलियन डॉलर की डील अंतिम चरण में थी
रिपोर्ट के अनुसार आर्मेनिया, भारत से लगभग 1.2 बिलियन डॉलर (करीब ₹10 हजार करोड़) में 12 तेजस एमके-1ए लड़ाकू विमान खरीदने की योजना बना रहा था। यह तेजस की पहली संभावित निर्यात डील हो सकती थी और दोनों देशों की बातचीत अंतिम चरण में थी।
आधिकारिक बयान का इंतजार
तेजस क्रैश के बाद बातचीत रोकने की खबरें चर्चा में हैं, लेकिन आर्मेनिया सरकार ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
भारत सरकार ने भी इस रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
तेजस कार्यक्रम पर क्या असर?
विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम अस्थायी हो सकता है, क्योंकि तेजस बीते वर्षों में भारतीय वायुसेना में सफलतापूर्वक ऑपरेशनल साबित हुआ है। हादसे की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

