नई दिल्ली/चेन्नई। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात दितवाह ने अपना प्रकोप कुछ कम कर लिया है और यह अब गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) में बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को जानकारी दी कि चक्रवात वर्तमान में चेन्नई से 140 किलोमीटर और पुडुचेरी से 90 किलोमीटर की दूरी पर समुद्र में स्थित है।
तमिलनाडु में बारिश और बाढ़ का कहर
चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। अब तक इस प्राकृतिक आपदा में 3 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सुरक्षा के मद्देनज़र पुडुचेरी के सभी स्कूलों को सोमवार के लिए बंद रखने का आदेश दिया गया है।
श्रीलंका में दितवाह ने मचाई तबाही
भारत में पहुंचने से पहले चक्रवात ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई। श्रीलंका में अब तक 334 लोगों की मौत हो चुकी है और 370 लोग लापता हैं। देश के लगभग 11 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से करीब 2 लाख लोग शेल्टर होम में रह रहे हैं।
चक्रवात के कारण श्रीलंका में रिकॉर्ड स्तर की बारिश, बाढ़ और कई स्थानों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं हुई हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे तटीय क्षेत्रों और नदियों के किनारे रहने वाले लोग अत्यधिक सावधानी बरतें। समुद्री गतिविधियों और मछुआरों को अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि समुद्री क्षेत्र में तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण यात्राओं और नौकायन से बचने की आवश्यकता है।

