रायपुर/दिल्ली। दिल्ली के लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से जुड़ा सुराग मिला है। जांच में पता चला कि धमाके में क्षतिग्रस्त मारुति कार (सीजी 04 पीवाई 6021) बालोद के सिर्री गांव निवासी हिमांशु बघेल के नाम पर रजिस्टर्ड है।
हिमांशु पिछले पांच वर्षों से दिल्ली-नोएडा में सेल्फ ड्राइव कार रेंटल कंपनी चला रहे हैं। यह कार उत्तराखंड के एक परिवार को किराये पर दी गई थी, जो शादी की खरीदारी के लिए चांदनी चौक गया था। धमाके में कार सवार चारों लोग सुरक्षित हैं, केवल एक व्यक्ति को हल्की चोटें आईं।
कार को मामूली नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा एजेंसियां अब धमाके के दौरान आसपास के मोबाइल फोन डाटा की जांच कर रही हैं, ताकि संदिग्ध संपर्कों की पहचान की जा सके।

