अमेरिका भारत को 100 जेवलिन मिसाइल सिस्टम (FGM-148) और 216 एक्सकैलिबर स्मार्ट तोपगोला (M982A1) बेचेगा। दोनों देशों के बीच 92.8 मिलियन डॉलर यानी करीब 775 करोड़ रुपए की डील तय हुई है।
अमेरिकी रक्षा सुरक्षा सहयोग एजेंसी (DSCA) ने बताया कि इस सौदे के लिए आवश्यक मंजूरी अमेरिकी संसद कांग्रेस को भेज दी गई है। एजेंसी का कहना है कि यह हथियार भारत की मौजूदा और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ाएंगे।
FGM-148 जेवलिन एक पोर्टेबल एंटी-टैंक मिसाइल है, जिसकी रेंज 2.5 किलोमीटर है और यह धुआं, धूल व खराब मौसम में भी सटीक निशाना साधने में सक्षम है। वहीं M982A1 एक्सकैलिबर GPS-गाइडेड स्मार्ट प्रोजेक्टाइल है, जो 40-50 किलोमीटर दूर तक अत्यंत सटीक वार कर सकता है।

