दुर्ग। शहर में सड़क के बीच बाइक खड़ी कर चाकू से केक काटने और उसे हवा में लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस कृत्य में शामिल 5 युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया, जबकि दो नाबालिगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। यह घटना 27 नवंबर की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में आरोपी अंकित कुरील, अशोक मालापुर, प्रेम चंद्राकर और दो नाबालिग हाथों में धारदार चाकू लेकर सड़क पर जन्मदिन मनाते दिखाई दे रहे थे। उन्होंने मोचीपारा स्थित रविदास मंदिर के पास वर्मा इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के सामने अपनी बाइक बीच सड़क पर खड़ी की, जिससे यातायात बाधित हुआ। इसके बाद केक को बाइक पर रखकर धारदार लोहे के चाकू से काटा और फिर उसी चाकू को हवा में लहराते हुए वीडियो बनाया।
पुलिस ने लिया तत्काल संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया में आते ही दुर्ग पुलिस हरकत में आई। सिटी कोतवाली टीम ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से एक धारदार लोहे का चाकू भी जब्त किया है।

