रायपुर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि नवा रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी और स्टॉलों के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ की शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और अधोसंरचना में हुई ऐतिहासिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि से बना छत्तीसगढ़ आज विकास, समृद्धि और जनकल्याण के मार्ग पर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने बताया कि राज्योत्सव के दौरान राजधानी नवा रायपुर में 5 दिवसीय और सभी जिला मुख्यालयों में 3 दिवसीय उत्सव आयोजित किया जाएगा।
साव ने आगे बताया कि रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री के आगमन के लिए रोड शो के मार्गों पर 12 आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जाएंगे, जिन पर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, लोक परंपरा और विकास योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। वहीं, बस्तर ओलंपिक की प्रारंभिक तिथि में बदलाव किया गया है, क्योंकि राज्योत्सव और स्कूल की छुट्टियों के कारण सभी जिलों में उत्सव आयोजन प्राथमिकता पर रखा गया है।

