नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2025।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अब स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान शुरू किया जाएगा। यह बिहार में लागू मॉडल पर आधारित होगा।
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बिहार में SIR पूरी तरह सफल रहा और वहां से “जीरो शिकायतें” मिलीं। अब इस सफलता को देखते हुए दूसरे चरण में 12 राज्यों की वोटर लिस्ट को अपडेट किया जाएगा। इसके साथ ही आज रात से ही इन राज्यों में वोटर लिस्ट फ्रीज कर दी जाएगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि SIR के दौरान BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) तीन बार मतदाताओं की फिजिकल जांच करेंगे। इस प्रक्रिया में नए वोटरों के नाम जोड़े जाएंगे, पुरानी गलतियों को सुधारा जाएगा और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य एक सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है, जिससे किसी भी व्यक्ति का मतदान अधिकार छूटे नहीं।”
ज्ञानेश कुमार ने आगे कहा,
“बिहार के 7.5 करोड़ मतदाताओं ने SIR प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लिया। मैं छठ पर्व के अवसर पर उन्हें नमन करता हूं। अब यही प्रक्रिया अन्य राज्यों में भी लागू की जाएगी।”

