बिलासपुर: नेहरू नगर बिजली विभाग की कुंभकरणी नींद, ओम नगरवासी सप्ताहभर से परेशान, रतजगा करने मजबूर!
रिपोर्टर: NEWS 1947 डेस्क, बिलासपुर
बिलासपुर। नेहरू नगर बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जरहाभाठा के ओम नगर इलाके में रहने वाले सैकड़ों लोग बीते करीब एक सप्ताह से बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। रातभर बिजली गुल रहने के कारण क्षेत्रवासी रतजगा करने को मजबूर हैं, लेकिन विभाग के अफसर मानो गहरी नींद में सोए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और न ही समस्या का समाधान हुआ। लोगों के मुताबिक रात 8 बजे के बाद बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो जाती है और पूरी रात यही सिलसिला चलता रहता है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
ओम नगर के निवासी अमन कुमार ने बताया, "हम रोज कंप्लेंट कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। अफसर लोग फोन नहीं उठाते, और जो जवाब मिलता है वो सिर्फ आश्वासन होता है।"
वहीं ,वार्ड की महिलाओं ने भी नाराज़गी जताते हुए कहा कि अंधेरे में बच्चों को सुलाना मुश्किल हो गया है। पंखा बंद होने से गर्मी में दम घुट रहा है।
जब इस संबंध में बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा।
अब सवाल यह उठता है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
जनता अब आंदोलन की तैयारी में है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ओम नगर के लोग सड़कों पर उतर सकते हैं।
NEWS 1947 LIVE जनता की आवाज़ बनकर यह मुद्दा उठाता है और बिजली विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग करता है।
