सुलभ शौचालय बना नशे का अड्डा, SIMS अस्पताल के पास हो रहा नशे का कारोबार!
बिलासपुर। शहर के हृदय स्थल और जिले के सबसे बड़े अस्पताल सिम्स (SIMS) के पास स्थित सुलभ शौचालय इन दिनों नशे का अड्डा बनता जा रहा है। यह शौचालय, जो आम जनता की सुविधा के लिए बनाया गया था, अब नशेड़ियों का ठिकाना बन गया है। यहां प्रतिदिन भारी मात्रा में नशे के इंजेक्शन, शीशियां और संदिग्ध दवाइयों का उपयोग देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों और कुछ जागरूक नागरिकों की मानें तो शौचालय के लगभग हर कमरे में नशे की सामग्री बिखरी रहती है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है, क्योंकि सिम्स जैसे महत्वपूर्ण अस्पताल के पास इस तरह का अवैध गतिविधियों का होना, न केवल आम नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालता है बल्कि युवाओं को नशे की गर्त में धकेल रहा है।
इस जगह पर नशे का बड़ा कारोबार चल रहा है। यह कोई सामान्य मामला नहीं, बल्कि एक संगठित गतिविधि प्रतीत होती है, जिस पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।
जनता की मांग:
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की गहन जांच कराई जाए और नियमित रूप से निगरानी रखी जाए, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह स्थान अपराध का केंद्र बन सकता है।
अब देखना यह है कि क्या नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करता है या नहीं ।
