मरवाही क्षेत्र में भालू का आतंक – तीन महिलाएं घायल
आज सुबह लगभग 6 बजे मरवाही थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत गुल्ली डांड और करगीकला में जंगली भालू के हमले की घटना सामने आई है।
ग्राम गुल्ली डांड निवासी प्रमिला यादव, उम्र 40 वर्ष, जब महुआ बीनने जंगल गई थी, तभी उस पर जंगली भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भालू को खदेड़ने के बाद, वह ग्राम करगीकला पहुंचा, जहां शौच के लिए गई सुमित्रा बाई, उम्र 55 वर्ष, पत्नी केशव दास पर भालू ने पुनः हमला कर दिया। इसके कुछ देर बाद, एक तीसरी महिला, दासोदिया बाई, उम्र 60 वर्ष, जो महुआ बीनने जंगल गई थी, उस पर भी भालू ने हमला कर घायल कर दिया।
तीनों घायलों को तत्काल डायल 108 और 112 की मदद से मरवाही अस्पताल लाया गया। जहां प्रमिला यादव की स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गौरेला पेंड्रा मरवाही (जीपीएम) रेफर कर दिया गया है।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर भालू की खोजबीन में लगी हुई है और ग्रामीणों से जंगल में न जाने की अपील की गई है।
