हाथियों का झुंड पहुंचा कुकुरगोडा क्षेत्र, महुआ व चावल की हानि – जनहानि नहीं
जैतहरी, 11 अप्रैल 2025
परिसर धनगवां अंतर्गत जैतहरी वन मंडल में हाथियों की गतिविधि फिर से बढ़ गई है। आज सुबह 6 बजे की रिपोर्ट के अनुसार, 3 हाथियों का दल कक्ष क्रमांक RF337 अंतर्गत जारवानियां के पास महुआ के पेड़ों के आसपास विचरण कर रहा है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथियों ने गांव कुकुरगोडा के कोसम टोला निवासी झुमुकलाल पिता आलमसाय गोंड़ के घर पहुंचकर 2 बोरी महुआ और चावल खा लिया। साथ ही उनके मकान को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचाया है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
हाथियों का यह दल मरवाही परिक्षेत्र के पसान से होते हुए गुल्लीडांड़, सेमरदर्री, सचराटोला, सिवनी, पंडरी, घिनौची, मालाडांड, चोलना होते हुए कुकुरगोडा पहुंचा है।
वर्तमान में स्थिति सामान्य है, परंतु सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और हाथियों से दूरी बनाकर रखने की सख्त हिदायत दी है।
आशंका जताई जा रही है कि यह दल आगे चोई, कुसुम्हाई, लहरपुर, तखहोली, ग्वारी, बेलिया फाटक, गोबरी व पंगना या फिर कुकुरगोडा, चोलना, छत्तीसगढ़ मालाडांड होते हुए घुसरिया की ओर बढ़ सकता है।
परिसर रक्षक कोमल सिंह मरावी (मो. 6266886234) के नेतृत्व में जैतहरी परिक्षेत्र की टीम हाथियों की सतत निगरानी कर रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें।
