नवरात्रि पर देवी भागवत आयोजन को बताया महापुण्य कार्य – त्रिलोक चंद्र श्रीवास
सिंघरी, पौसरा, लगरा सहित कई ग्रामों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ पूजन उत्सव
बेलतरा, 5 अप्रैल 2025। नवरात्रि के पावन अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंघरी, लखराम, पौसरा, लगरा सहित दर्जनों ग्रामों में देवी भागवत पाठ, माता सेवा, जस गीत एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में विशेष रूप से शामिल हुए लोकप्रिय कांग्रेस नेता श्री त्रिलोक चंद्र श्रीवास (राष्ट्रीय समन्वयक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी; प्रभारी – उत्तर प्रदेश एवं गुजरात; मार्गदर्शक – जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 3) ने श्रद्धालुजनों को संबोधित करते हुए कहा कि “चैत्र नवरात्रि शक्ति और आस्था का पर्व है, यह वह समय है जब ब्रह्मांड की रक्षा हेतु मातृशक्ति स्वयं अवतरित होती है।”
उन्होंने आगे कहा कि “सनातन धर्म में दो रात्रियों का विशेष महत्व है – एक महाशिवरात्रि, जो सृष्टि के पालनहार भगवान शिव को समर्पित है, और दूसरी नवरात्रि, जो जगत की माता महामाया को समर्पित है। जब-जब संसार में अधर्म बढ़ता है, तब-तब मातृशक्ति प्रकट होकर मानवता की रक्षा करती है।”
श्रीवास ने देवी भागवत पुराण के आयोजन को “महापुण्य कार्य” बताते हुए समस्त श्रद्धालुजनों एवं ग्रामवासियों को साधुवाद दिया और माँ महामाया से सभी की मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।
इस अवसर पर उनके साथ केशव साहू, चरण सिंह राज, पंडित जितेंद्र शर्मा, अनिल सिंह ठाकुर, आयुष सिंह राज, पवन सिंह ठाकुर, रवि बघेल, कान्हा सूर्यवंशी, जुगनू कौशिक, भगवत सिंह ठाकुर, ओमप्रकाश श्रीवास, मुखराम बिरजे, दिनेश साहू, पिंटू साहू सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता एवं गणमान्य जन उपस्थित थे।
कार्यक्रम स्थल पर त्रिलोक श्रीवास के आगमन पर ग्रामीणों द्वारा भव्य शाल-श्रीफल एवं आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। ग्रामवासियों ने उनके विचारों एवं उपस्थिति को प्रेरणास्पद बताया और नवरात्रि पर्व को और भी भक्ति एवं श्रद्धा से मनाने की प्रेरणा ली।
हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी ग्रामवासियों और सहयोगियों का आभार प्रकट किया।
