बिलासपुर में जमीन पर अवैध कब्जे और फर्जी दस्तावेज़ों के ज़रिए बैंक से करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला उजागर
बिलासपुर, 8 अप्रैल 2025: जिले के तिफरा थाना क्षेत्र में एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर ज़मीन पर कब्जा कर AU SMALL FINANCE BANK से 20,55,488 रुपये का ऋण प्राप्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना खसरा नंबर 675/3 और 258 (कुल 2777 वर्गफीट) पर स्थित जमीन को लेकर है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि उक्त भूखंड पर पहले से उनका स्वामित्व है, जिसमें उनका मकान स्थित है। परंतु आरोपी महिला ने इस संपत्ति पर फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर न केवल कब्जा किया, बल्कि ऋण भी लिया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है जिसमें बी.एन.एस. की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), और 3(5) शामिल हैं। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
FIR में उल्लेखित है कि महिला ने बैंक में खुद को भूमि स्वामी बताकर ऋण प्राप्त किया। बाद में जांच में सामने आया कि उक्त भूमि की रजिस्ट्री व नामांतरण प्रक्रिया फर्जी दस्तावेज़ों के ज़रिए की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
इस पूरे मामले से यह स्पष्ट है कि जालसाजों द्वारा फर्जीवाड़े की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी और बैंक व ज़मीन की वैधता की पुनः जांच की जाएगी।
