गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से समाचार
फ्लैगशिप योजनाओं में लाएं गति : कलेक्टर मंडावी
सुशासन तिहार का शुभारंभ, 11 अप्रैल तक कर सकेंगे आवेदन
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 08 अप्रैल। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने सोमवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने पीएम आवास, डंपिंग यार्ड, पीएमजीएसवाई, स्वच्छता मिशन, जलशक्ति अभियान, किसान सम्मान निधि, स्वामित्व योजना, महतारी वंदन, आयुष्मान कार्ड पंजीयन सहित प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने जलशक्ति अभियान और वर्षा जल संचयन को प्राथमिकता देते हुए सभी शासकीय भवनों में रैन वाटर हार्वेस्टिंग की संरचना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, पोर्टल में इसकी जानकारी दर्ज करने पर जोर दिया।
स्थायी एजेंडा के तहत किसान पंजीयन, जाति प्रमाण पत्र, सीमांकन, भर्ती प्रक्रिया, भू-अर्जन, नक्शा दुरुस्तीकरण एवं प्रधानमंत्री आवास 2.0 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों को हितग्राहीमूलक योजनाओं में शत-प्रतिशत लाभान्वित करने और स्कूलों के सभी बच्चों के जाति प्रमाण पत्र शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आंगनबाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ता की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने, चिन्हित ग्राम पंचायतों में शिशु स्वागत पालना केंद्र स्थापित करने तथा 21 दिनों के भीतर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने पर भी बल दिया।
सुशासन तिहार का प्रथम चरण शुरू
कलेक्टर मंडावी ने बताया कि सुशासन तिहार का प्रथम चरण आज से प्रारंभ हो गया है, जो 11 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन ग्राम पंचायत, ब्लॉक या नगरीय निकाय कार्यालयों में समाधान पेटी में डाल सकते हैं। आवेदन ऑफलाइन या ऑनलाइन दोनों माध्यमों से किए जा सकते हैं। कार्यालयों में आवेदन लिखने हेतु सहायक भी मौजूद रहेंगे।
द्वितीय चरण में आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए लगभग एक माह का समय रहेगा, जबकि तृतीय चरण में 5 से 31 मई तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा और समस्याओं के निराकरण की जानकारी आवेदकों को दी जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, वनमंडलाधिकारी रौनक गोयल, अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेण्ड्रारोड अमित बेक, मरवाही एसडीएम प्रफुल्ल रजक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
