जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा की अनोखी पहल – दिव्यांग बच्चों का बने सहारा
करतला। जनपद पंचायत करतला के उपाध्यक्ष मनोज झा ने एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की शुरुआत करते हुए क्षेत्र के दिव्यांग बच्चों की सहायता के लिए आगे आए हैं। ग्राम नवापारा में जनसंपर्क के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि वहां के कई दिव्यांग बच्चों को अभी तक शासन की ओर से दिव्यांग पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है।
इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए उपाध्यक्ष मनोज झा ने घोषणा की कि जब तक इन बच्चों को शासकीय पेंशन नहीं मिलती, तब तक वे स्वयं उन्हें निजी रूप से हर माह ₹500 की सहायता राशि प्रदान करेंगे। अपने वचन के अनुसार उन्होंने ग्राम नवापारा के कुल 9 दिव्यांग बच्चों को ₹500-₹500 की पेंशन राशि प्रदान की।
इसमें कुमारी देवेश्वरी (पिता करिया सिदार), भावेश यादव (पिता रामकुमार यादव), अंश बंजारे (पिता अमृतलाल), तुवांशु टंडन (पिता मायाराम), रोहित (पिता उदयराम), कुमारी नंदिनी (पिता बुधवारी राम), कुमारी साक्षी (पिता हीरालाल), डेविड परेड (पिता राकेश) आदि बच्चों को यह सहायता दी गई है।
मनोज झा ने बताया कि वे केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि इन बच्चों के दिव्यांग प्रमाण पत्र और पेंशन योजना में नाम दर्ज कराने के लिए भी हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के इन नन्हें नागरिकों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उनका सबसे बड़ा उद्देश्य है।
इस पहल की चारों ओर सराहना हो रही है और लोग इसे जनप्रतिनिधित्व की सच्ची मिसाल बता रहे हैं।
