श्री सप्तदेव मंदिर में हर्षोल्लास से मनाई जाएगी श्री हनुमान जयंती, होगा विशेष हनुमान चालीसा पाठ
कोरबा। चैत्र शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा, संवत 2082, दिनांक 12 अप्रैल 2025, दिन शनिवार को श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में श्री हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में भगवान श्री हनुमान जी का विशेष जन्म समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रातः 6:00 बजे भगवान श्री हनुमान जी का जन्मोत्सव विधिवत रूप से संपन्न कराया जाएगा। इस शुभ घड़ी को यादगार बनाने के लिए मंदिर प्रांगण में आतिशबाजी की जाएगी। इसके पश्चात श्री हनुमान जी की भव्य पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इस दिन मंदिर में सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन भी किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों की सहभागिता अपेक्षित है।
श्री सप्तदेव मंदिर परिवार ने समस्त भक्तवृंदों से सविनय आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित मंदिर पधार कर श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर सहभागी बनें और हनुमान चालीसा पाठ में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।
