परीक्षा तनाव से निपटने मार्ग बताए, स्वामी आत्मानंद स्कूल पेंड्रा में तनाव-प्रबंधन विषय पर कार्यशाला आयोजित
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 11 अप्रैल 2025// राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग(एनसीपीसीआर) के तत्वावधान में आज स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय पेण्ड्रा के सभा कक्ष में तनाव-प्रबंधन पर एक वृहद् कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला जिला कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा तनाव से मुक्ति दिलाना तथा अभिभावकों व शिक्षकों को तनाव प्रबंधन के प्रभावी उपायों की जानकारी देने के लिए किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. शास्त्री के संबोधन से हुआ उन्होंने तनाव के कारणों, लक्षणों और शरीर तथा मस्तिष्क पर पड़ने वाले प्रभावों का विस्तारपूर्वक उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को तनाव से निपटने के व्यावहारिक व रोचक उपाय बताए। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक गतिविधि, विश्राम तकनीक और सकारात्मक भावनात्मक जुड़ाव को तनाव प्रबंधन के सशक्त साधन बताया। तनाव-प्रबंधन विशेषज्ञ श्री हरीशंकर शर्मा (व्याख्याता) ने माइंडफुलनेस, विश्राम अभ्यास और आत्मनिरीक्षण की तकनीकों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थितजनों को तनाव से निपटने के व्यवहारिक एवं सरल उपाय बताए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान का मूल्यांकन है, जीवन का नहीं, अतः उस पर अत्यधिक दबाव नहीं बनाना चाहिए। खंड शिक्षा अधिकारी श्री आर.एन. चंद्रा ने अपने संबोधन में कहा कि शैक्षणिक वातावरण को तनाव-मुक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया जाय और विद्यालयों में सकारात्मक संवाद व सहयोगात्मक वातावरण विकसित करने की अपील किया। इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
