"भालू पर क्रूरता का जवाब: वनमंत्री के आदेश पर दो आरोपी गिरफ़्तार"
जगदलपुर/रायपुर।
सुकमा जिले में भालू के साथ क्रूरता और उसकी हत्या के वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ के वनमंत्री केदार कश्यप ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मामला माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर में जनहित याचिका के रूप में प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद जांच तेज़ की गई और दो आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है।
मुख्य वन संरक्षक, जगदलपुर के अनुसार यह घटना सुकमा के किस्टाराम क्षेत्र की है। जांच में ग्राम पुट्टेपाड़ के दो निवासी – वंडो भीमा (उम्र 18-20 वर्ष) और चंडो देवा (उम्र 37-40 वर्ष) को आरोपी पाया गया। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पुलिस और सुरक्षा बलों के सहयोग से 13 अप्रैल को दबिश दी गई, पर आरोपी फरार मिले। सीमावर्ती तेलंगाना तक जांच का दायरा बढ़ाया गया।
14 अप्रैल को दोनों आरोपियों को पकड़कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 9982/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वनमंत्री कश्यप ने कहा कि "वन्यजीव हमारी अमूल्य धरोहर हैं, और उनकी सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
वन विभाग द्वारा आरोपियों की जानकारी देने वालों को ₹10,000 का इनाम देने की घोषणा भी की गई थी। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
