दुर्ग में दर्दनाक हादसा: बेलौदी गांव में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 6 लोगों को कुचला, दो की मौत, 4 गंभीर घायल
जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलौदी में सोमवार रात एक भीषण हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब गर्मी के कारण महिलाएं और बच्चे खाना खाने के बाद घर के बाहर बैठे थे। तभी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क से उतरते हुए सीधे लोगों को कुचलता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर में तीन लोग सवार थे और वह तेज रफ्तार में था। हादसे में सात वर्षीय बच्ची संतोषी निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 55 वर्षीय सरस्वती देशमुख ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। चार अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और तत्काल राहत पहुंचाने में देरी पर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर एम्बुलेंस और सहायता पहुंचती, तो घायलों की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रामवासियों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। सूचना मिलते ही तहसीलदार व पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्रशासन से ग्रामीणों की मांग है कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा एवं उचित सहायता प्रदान की जाए।
