-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

कृषि महाविद्यालय में मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस... जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में आदिवासी समाज की भूमिका को किया रेखांकित

कृषि महाविद्यालय में मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस

जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में आदिवासी समाज की भूमिका को किया रेखांकित

बिलासपुर। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के बालक छात्रावास क्रमांक-3 में विश्व आदिवासी दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे तथा विशिष्ट अतिथि प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. आर.के.एस. तोमर थे। कार्यक्रम में सीनियर वार्डन डॉ. दिनेश पांडे, वार्डन डॉ. अवनीत कुमार, हॉस्टल प्रीफेक्ट राज प्रताप सिंह भदोरिया सहित छात्र उपस्थित रहे।

पौधरोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर छात्रावास परिसर में फूल एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति संरक्षण आदिवासी जीवन-दर्शन का अभिन्न हिस्सा रहा है। जल, जंगल और जमीन के साथ उनका पारंपरिक जुड़ाव पर्यावरणीय संतुलन और जैव विविधता संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देता है।

संस्कृति और परंपराओं पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, रीति-रिवाजों और प्रकृति के प्रति उनकी संवेदनशीलता पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समुदायों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखा है तथा भारतीय सनातन जीवन-मूल्यों और प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की परंपराओं को आज भी जीवंत बनाए रखा है।

‘जल, जंगल और जमीन’ का महत्व

कार्यक्रम में जल, जंगल और जमीन को आदिवासी जीवन, आजीविका और संस्कृति का आधार बताते हुए इनके संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। छात्रों से आह्वान किया गया कि वे आदिवासी समुदायों के पारंपरिक ज्ञान, प्रकृति संरक्षण की अवधारणा और सतत जीवनशैली से प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता तथा युवाओं में प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन-दृष्टि को बढ़ावा देना रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.