-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

जिले में 1 से 15 सितंबर तक मनाया जाएगा साक्षरता पखवाड़ा...अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर होंगे विविध जागरूकता एवं शैक्षिक कार्यक्रम

जिले में 1 से 15 सितंबर तक मनाया जाएगा साक्षरता पखवाड़ा

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर होंगे विविध जागरूकता एवं शैक्षिक कार्यक्रम

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 31 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप जिले में उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 1 से 15 सितंबर 2026 तक साक्षरता पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में आयोजित इस पखवाड़े का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर वयस्कों को साक्षर बनाकर उन्हें शिक्षा के माध्यम से सशक्त करना है।
      जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी ने बताया कि पखवाड़े का शुभारंभ 1 सितंबर को जिले के शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं वार्ड स्तर पर उल्लास शपथ के साथ किया जाएगा। इसके बाद असाक्षरों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों का सर्वेक्षण, उल्लास मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीयन तथा विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। पखवाड़े के दौरान साक्षरता संगोष्ठी, ‘अंगूठे से कलम की ओर’ अभियान, साक्षरता चौपाल, वाद-विवाद, गीत-नृत्य, चित्रकला एवं मेहंदी प्रतियोगिताएं सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस जिला स्तर पर मनाया जाएगा। इसके अलावा नवाचारी शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन, वचन दिवस, रेडियो जिंगल एवं लघु फिल्म प्रदर्शन, डिजिटल एवं व्यावसायिक साक्षरता तथा उल्लास मेला जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
15 सितंबर को पखवाड़े का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारी जिला, विकासखंड, ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.