SEDI में अभिभावक परामर्श एवं प्लेसमेंट परिचर्चा आयोजित, मैक्स स्टोर में रोजगार अवसरों की दी जानकारी
बिलासपुर, 23 जुलाई। कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान (SEDI), बिलासपुर द्वारा गुरुवार को प्रशिक्षणार्थियों के अभिभावकों के लिए विशेष अभिभावक परामर्श एवं प्लेसमेंट परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को प्रशिक्षण के बाद उपलब्ध रोजगार अवसरों, कंपनी की कार्यप्रणाली तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से अवगत कराना था।
परिचर्चा के दौरान संस्थान के अधिकारियों ने हैदराबाद स्थित मैक्स स्टोर (MAX Store) में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, वेतन संरचना, कंपनी की नीतियों तथा कर्मचारियों को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी अभिभावकों को दी। इसके साथ ही 'वन-टू-वन' संवाद एवं समूह चर्चा आयोजित कर अभिभावकों की सभी जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान भी किया गया। संस्थान की पारदर्शी कार्यप्रणाली और रोजगारोन्मुखी प्रयासों से प्रभावित अभिभावकों ने अपने बच्चों को हैदराबाद स्थित मैक्स स्टोर में रोजगार के लिए भेजने में गहरी रुचि दिखाई।
अभिभावकों ने SEDI की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों को अभिभावकों और प्रशिक्षणार्थियों के बीच विश्वास बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
