-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

रेलगाड़ियों में पत्थरबाजी व ट्रैक पर अवरोध रोकने हेतु रेलवे सुरक्षा बल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल की विशेष जागरूकता मुहिम, 15 दिनों में 27 शिक्षण संस्थानों व 11 गांवों तक पहुंची टीम

रेलगाड़ियों में पत्थरबाजी व ट्रैक पर अवरोध रोकने हेतु रेलवे सुरक्षा बल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल की विशेष जागरूकता मुहिम, 15 दिनों में 27 शिक्षण संस्थानों व 11 गांवों तक पहुंची टीम

दपूमरे, नागपुर मंडल 

रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा रेलगाड़ियों में पत्थरबाजी, रेलवे ट्रैक पर लोहा, लकड़ी, पत्थर आदि रखकर रेल परिचालन बाधित करने जैसी घटनाओं की रोकथाम हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह विशेष अभियान सामुदायिक पुलिस व्यवस्था के तहत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को इन घटनाओं के दुष्परिणामों तथा कानूनी प्रावधानों से अवगत कराना है।

रेलवे द्वारा प्राप्त जांच रिपोर्टों एवं विभिन्न घटनाओं के विश्लेषण में पाया गया है कि कई मामलों में रेल लाइन के समीप रहने वाले बच्चे खेल-खेल में अथवा उत्सुकतावश चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंक देते हैं या ट्रैक पर लकड़ी, पत्थर, लोहे के टुकड़े रख देते हैं। ऐसी घटनाएं न केवल गंभीर अपराध हैं, बल्कि इससे बड़ी रेल दुर्घटना होने की संभावना रहती है, यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है तथा रेलवे संपत्ति को भारी नुकसान पहुंच सकता है।

मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में नागपुर मंडल के सभी निरीक्षक प्रभारियों के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण, स्थानीय नागरिकों से संपर्क, ग्राम प्रमुखों से संवाद, बच्चों एवं अभिभावकों की काउंसलिंग तथा शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

बच्चों को समझाने हेतु विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं जैसे क्रिकेट, शतरंज, दौड़, चम्मच दौड़, ट्रे-पासिंग आदि का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार तथा अन्य बच्चों को सांत्वना पुरस्कार एवं खाद्य सामग्री वितरित कर प्रेरित किया गया। इसके माध्यम से बच्चों को यह समझाया गया कि रेलगाड़ियों पर पत्थर मारना या ट्रैक पर कोई वस्तु रखना मजाक नहीं, बल्कि गंभीर अपराध है।

माह अप्रैल में दिनांक 16.04.2026 से प्रारंभ इस विशेष मुहिम के तहत मात्र 15 दिनों में नागपुर मंडल क्षेत्राधिकार में रेलवे लाइन के समीप स्थित लगभग 27 शिक्षण संस्थानों, 11 गांवों/बस्तियों एवं 03 खेल मैदानों तक पहुंचकर कुल 408 जागरूकता अभियान चलाए गए।

यह अभियान महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्यों के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चलाया गया, जिनमें नागपुर, गोंदिया, भंडारा, गढ़चिरौली, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, सिवनी, राजनांदगांव आदि क्षेत्र शामिल हैं।

रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल सभी अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं रेल यात्रियों से अपील करता है कि यदि कहीं भी रेलगाड़ियों पर पत्थरबाजी, रेलवे ट्रैक पर अवरोधक सामग्री रखना या रेल दुर्घटना की आशंका उत्पन्न करने वाली कोई गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम RPF पोस्ट अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।

रेलवे सुरक्षा बल यह विश्वास दिलाता है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.