इदरीस अंसारी को मिली दोहरी जिम्मेदारी, जिला अध्यक्ष के साथ बने प्रदेश महासचिव — इंटक में उत्साह की लहर
बिलासपुर/जीपीएम | विशेष रिपोर्ट
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) में संगठनात्मक विस्तार के बीच जीपीएम जिले के इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें एक ओर जहां तीसरी बार जिला अध्यक्ष बनाया गया है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश इंटक में महासचिव पद की भी जिम्मेदारी दी गई है। इस निर्णय के बाद इंटक परिवार में उत्साह का माहौल है।
बिलासपुर में आयोजित इंटक की 46वीं प्रदेश वर्किंग कमेटी की बैठक में अंसारी अपनी टीम के साथ शामिल हुए। बैठक के दौरान उनका जोरदार स्वागत किया गया और संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें दोहरी जिम्मेदारी का नियुक्ति पत्र सौंपा।
बताया गया कि इंटक के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संजय सिंह द्वारा उन्हें प्रदेश महासचिव पद पर नियुक्त किया गया। हालांकि, इदरीस अंसारी ने शुरुआत में दोहरी जिम्मेदारी लेने से इंकार करते हुए केवल जिला स्तर पर कार्य करने की इच्छा जताई, लेकिन प्रदेश पदाधिकारियों ने उनकी कार्यक्षमता और मजदूरों के प्रति समर्पण को देखते हुए दोनों पद संभालने का आग्रह किया।
क्या बोले इदरीस अंसारी?
मीडिया से चर्चा में अंसारी ने कहा कि उन्हें इस नियुक्ति की जानकारी अचानक वर्किंग कमेटी की बैठक में मिली। उन्होंने कहा—
"मुझे नहीं पता था कि मेरा कार्यकाल समाप्त हो चुका है और मुझे तीसरी बार जिला अध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है। यह मेरे लिए सम्मान की बात है।"
उन्होंने आगे कहा कि—
"जिले के मजदूरों के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर भी पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करूंगा। अगर काम करने की इच्छा शक्ति हो तो कोई भी कार्य असंभव नहीं होता।
पिछले सात वर्षों से इदरीस अंसारी लगातार मजदूरों के हित में सक्रिय रहे हैं। उनके कार्यों की चर्चा पूरे जिले में होती रही है, जिसके चलते संगठन ने उन पर फिर से भरोसा जताया है।
इंटक में यह निर्णय संगठन को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। इदरीस अंसारी की दोहरी भूमिका से मजदूरों की आवाज अब जिला ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर पर भी मजबूती से उठेगी।
