रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट व हमला करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग भी पकड़े गए
थाना रतनपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहगीरों को रोककर लूटपाट और चाकू से हमला करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। साथ ही वाहनों पर पत्थरबाजी करने वाले 2 अन्य बदमाशों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को प्रार्थी सुमित कुमार रजवाड़े अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम कोरबाभांवर जा रहे थे। इसी दौरान जूनाशहर बाईपास के पास मोटरसाइकिल सवार 4 युवकों ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।
वहीं,29 मार्च 2026 को राहुल सिदार अपने साथियों के साथ शादी से लौट रहे थे, तभी जूनाशहर-लखनी देवी मंदिर मार्ग पर आरोपियों ने रास्ता रोककर पैसे मांगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और एक युवक अजय ध्रुव पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोनों मामलों में थाना रतनपुर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। थाना प्रभारी प्रशिक्षु IPS अंशिका जैन के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों की तलाश कर 4 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चाकू भी बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष मरावी निवासी अमतरा थाना कोनी एवं विक्रम मरावी निवासी जूनाशहर शामिल हैं।
दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि 2 नाबालिगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई कर उन्हें बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इसके अलावा रतनपुर-कोटा मार्ग पर वाहनों पर पत्थरबाजी करने वाले सिद्धार्थ धुर्व्रे (20 वर्ष) और उमेन्द्र सिंह (25 वर्ष) निवासी जूनाशहर को भी गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में निरीक्षक नीलेश कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णु यादव, सउनि दिनेश तिवारी, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
