बिलासपुर /रतनपुर /23 फरवरी 2026
घासीपुर में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान कर्रा नारा निवासी संजय कुमार आर्मो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी निजी कार्य से बाइक पर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर ने उसे सीधे सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
