तखतपुर/कुंवा, 23 फरवरी 2026। ग्राम कुंवा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर द्वारा जिला एड्स नियंत्रण समिति बिलासपुर के निर्देशानुसार एकीकृत स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित वर्ग सहित आमजन को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा जांच, हीमोग्लोबिन जांच, नेत्र परीक्षण, महिला एवं बाल स्वास्थ्य परामर्श सहित आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया। गंभीर संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीजों को आगे की समुचित चिकित्सा के लिए संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. उमेश साहू (खंड चिकित्सा अधिकारी, तखतपुर) द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
शिविर में कुल 266 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। उपस्थित नागरिकों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के सफल संचालन में बस्तर सामाजिक संस्था, बिलासपुर, चिकित्सा दल, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।
