-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

विज्ञान में महिलाओं और बच्चों की भूमिका पर विशेष कार्यक्रम, छात्राओं ने साझा किए प्रेरक विचार

विज्ञान में महिलाओं और बच्चों की भूमिका पर विशेष कार्यक्रम, छात्राओं ने साझा किए प्रेरक विचार

 *गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।* मिश्री देवी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गौरेला में ‘विज्ञान में महिलाओं और बच्चों की भूमिका’ विषय पर अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य उषा शर्मा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज महिलाएं विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान, चिकित्सा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि नवाचार, तर्कशीलता और समाज निर्माण का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर छात्राओं अंशिका मिश्रा, मोनिका यादव, शिवानी यादव और ज्योति भैना ने अंतरिक्ष अनुसंधान, चिकित्सा विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण एवं तकनीकी विकास जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने देश-विदेश की महिला वैज्ञानिकों के योगदान और नई वैज्ञानिक खोजों की जानकारी साझा कर उपस्थित जनों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिक्षिका तान्या गुप्ता एवं शारदा अग्रवाल ने भी छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और वैज्ञानिक सोच अपनाने पर बल दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने अपने संदेश में कहा कि विज्ञान में महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी देश के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे छात्राओं को अपने कौशल को विकसित करने के व्यापक अवसर मिल रहे हैं। श्री तिवारी ने छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में निर्भीक होकर आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। यह आयोजन छात्राओं के लिए प्रेरणादायक सिद्ध हुआ तथा विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका को सशक्त रूप से रेखांकित करने वाला रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.