गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में फाइलेरिया उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरेला में राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, चिकित्सकगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आमजन को फाइलेरिया से बचाव एवं इसके उन्मूलन को लेकर जागरूक किया गया।
चिकित्सकों ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए दवाइयों का सेवन नागरिकों को उनकी उम्र और ऊँचाई के अनुसार कराया जा रहा है। अभियान की प्रभावी निगरानी एवं सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष सुपरविजन टीम का गठन भी किया गया है।
दवा सेवन करने वाले नागरिकों ने बताया कि उन्होंने फाइलेरिया की दवा ली है और उन्हें इससे किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। लोगों ने अन्य नागरिकों से भी अपील की कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए सभी लोग इस दवा का सेवन अवश्य करें, ताकि देश से फाइलेरिया का पूर्ण रूप से उन्मूलन किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम से फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी और आमजन की सक्रिय सहभागिता से ही यह अभियान सफल हो सकेगा।
