-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

लखनऊ में पीएम मोदी ने किया राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन, तीन महान विभूतियों की मूर्तियों का अनावरण





लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले देश में केवल एक ही परिवार की मूर्तियां और नामों का महिमामंडन किया जाता था, जबकि आज हर उस विभूति को सम्मान दिया जा रहा है, जिसने राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने समाज के हर वर्ग और हर महापुरुष के योगदान को सम्मान देने का काम किया है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा दिल्ली के कर्तव्य पथ पर स्थापित है। अंडमान-निकोबार में जहां नेताजी ने तिरंगा फहराया था, वहां भी उनकी भव्य प्रतिमा लगी है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय उनकी विरासत को मिटाने का प्रयास किया गया, लेकिन भाजपा सरकार ने उनकी स्मृति और योगदान को संरक्षित रखने का कार्य किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी पहले ऐसी कोशिशें हुई थीं, लेकिन भाजपा ने इन प्रयासों को सफल नहीं होने दिया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यहां पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की 65-65 फीट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। प्रत्येक प्रतिमा का वजन करीब 42 टन है। यह प्रेरणा स्थल करीब 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है, जिस पर लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस परियोजना का निर्माण वर्ष 2022 में शुरू हुआ था।

पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, सेवा और समर्पण की प्रेरणा देगा। यह स्थल देश के महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.