-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

ओडिशा के कंधमाल में बड़ा एनकाउंटर, 1 करोड़ के इनामी CCM गणेश उईके समेत 6 नक्सली ढेर





 रायपुर/कंधमाल। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान 6 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) और एक करोड़ रुपये से अधिक का इनामी कुख्यात नक्सली गणेश उईके भी शामिल है। इस कार्रवाई में दो महिला नक्सलियों के मारे जाने की भी पुष्टि हुई है। मुठभेड़ स्थल से नक्सलियों के शवों के साथ हथियार और अन्य सामग्री बरामद कर ली गई है।

सुरक्षा एजेंसियों को कंधमाल जिले के चाकापाड़ इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर बड़े पैमाने पर संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई गई। इस अभियान में कुल 23 टीमें शामिल की गईं, जिनमें 20 स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), 2 सीआरपीएफ और 1 बीएसएफ की टीम शामिल थी। यह संयुक्त अभियान कंधमाल जिले के चाकापाड़ थाना क्षेत्र और गंजाम जिले के राम्भा वन क्षेत्र में चलाया गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार 25 दिसंबर को अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर माओवादियों और SOG जवानों के बीच कई बार गोलीबारी हुई। दोनों ओर से हुई फायरिंग के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान 5 नक्सलियों के शव बरामद किए गए, जिनमें 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। सभी नक्सली वर्दी में थे। इसके अलावा मौके से 2 इंसास राइफल और 1 .303 राइफल भी जब्त की गई है।

सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, एनकाउंटर में मारे गए नक्सलियों में शामिल गणेश उईके लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था और कई गंभीर वारदातों में वांछित था। वह संगठन की सेंट्रल कमेटी का अहम सदस्य था और उस पर एक करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था।

मुठभेड़ के बाद इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और सर्चिंग ऑपरेशन अभी भी जारी है, ताकि किसी अन्य नक्सली के छिपे होने की संभावना को खत्म किया जा सके। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान और तेज किए जाएंगे और माओवादियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.