कोरबा। पसान थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वन विभाग के पसान रेंजर मनीष सिंह और उनके चालक की स्कॉर्पियो वाहन बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों अधिकारी पिपरिया क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की सूचना पर ग्रामीणों को सचेत कर लौट रहे थे। लौटते समय तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में रेंजर मनीष सिंह के सीने और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि चालक भी घायल हुआ। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रेंजर को बिलासपुर रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में हाथियों का झुंड, जिसमें एक शिशु हाथी भी शामिल है, लगातार विचरण कर रहा है और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

