रायपुर। राजधानी रायपुर की सड़कों पर कानून तोड़कर बर्थडे सेलिब्रेशन करना और नियम विरुद्ध वाहन चलाकर सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करना अब भारी पड़ रहा है। रायपुर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए ऐसे 65 आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि सड़क को तमाशा बनाने और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रायपुर ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने कार्रवाई का आंकड़ा सार्वजनिक करते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए की जा रही स्टंटबाजी और सड़क पर जन्मदिन मनाने जैसी घटनाएं आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।
पहले इन मामलों में हुई सख्त कार्रवाई
मेयर के बेटे ने बीच सड़क काटा केक
27 फरवरी की देर रात रायपुर की मेयर मीनल चौबे के बेटे मेहुल चौबे ने चंगोरा भाटा इलाके में सड़क पर दोस्तों के साथ केक काटा और आतिशबाजी की। यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। मामले में मेहुल चौबे समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। वीडियो वायरल होने पर महापौर मीनल चौबे को सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगनी पड़ी थी।
कांग्रेस नेता का सड़क पर बर्थडे बवाल
फरवरी 2025 में यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के जन्मदिन पर बीच सड़क जमकर हंगामा हुआ। समर्थकों ने करीब 20 मिनट तक सड़क जाम कर आतिशबाजी की और केक काटा। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी के निर्देश पर जिला अध्यक्ष समेत 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।
एनएच पर रईसजादों की स्टंटबाजी
सितंबर 2025 में केनाल रोड से नेशनल हाईवे होते हुए आरंग की ओर जा रहे युवकों के काफिले ने सड़क पर स्टंटबाजी की। इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 गाड़ियां जब्त कीं और 15 युवकों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई की जरूरत क्यों पड़ी?
छत्तीसगढ़ में वर्ष 2025 के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है। प्रदेश के 19 जिलों में तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। पुलिस का मानना है कि सड़क पर इस तरह की गैर-जिम्मेदार हरकतें न सिर्फ कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा हैं।
रायपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन, स्टंट और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

