लखीसराय। बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से बीजेपी प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा की गाड़ी पर गुरुवार को गोबर, चप्पलें और पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई है। यह मामला लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 404 और 405 के पास का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, विजय सिन्हा खोरियारी गांव में निरीक्षण कर रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। इसके बाद भीड़ ने गोबर और चप्पलें फेंकीं तथा पथराव भी किया।
विजय सिन्हा ने इस हमले के लिए राजद (RJD) समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा,
“यह हमला RJD के गुंडों ने किया है। सत्ता में आए बिना ही ये गुंडे बिहार के उपमुख्यमंत्री पर हमला कर रहे हैं। यहां के SP कायर और कमजोर हैं, जो केवल शांतिपूर्ण मतदान का दिखावा कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर प्रशासन ने इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।

