श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद साइक्लोन दित्वाह तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है। चक्रवात का तमिलनाडु–पुडुचेरी तट पर आज लैंडफॉल होगा। चेन्नई समेत तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने कुड्डालोर, नागपट्टिनम, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू सहित कई जिलों में रेड और येलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य में 28 से अधिक NDRF–SDRF टीमें राहत और बचाव कार्यों के लिए तैनात की गई हैं। महाराष्ट्र और गुजरात से भी अतिरिक्त टीमें सहायता के लिए चेन्नई पहुंची हैं।
54 उड़ानें रद्द, स्कूल–कॉलेज बंद
भारी बारिश के चलते शनिवार को चेन्नई एयरपोर्ट पर 54 उड़ानें रद्द की गईं। पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम में सभी स्कूल–कॉलेज सोमवार तक बंद रहेंगे।
चेन्नई में हवा की रफ्तार तेज, तटीय इलाके जलमग्न
मरीना बीच पर समुद्री लहरें ऊंची उठ रही हैं। तूतीकोरिन में भारी जलभराव हो चुका है और लगातार बारिश जारी है।
श्रीलंका में तबाही—150 मौतें, 191 लापता
दित्वाह ने श्रीलंका में भारी विनाश किया है। बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 150 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 191 लोग लापता हैं। एयर ट्रैफिक बाधित होने से लगभग 300 भारतीय यात्री कोलंबो एयरपोर्ट पर पिछले तीन दिनों से फंसे हैं।
भारत ने शुरू किया ‘ऑपरेशन सागर बंधु’
श्रीलंका की सहायता के लिए भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत INS विक्रांत से चेतक हेलिकॉप्टर और 80 NDRF कर्मियों को राहत कार्य में लगाया है। अब तक 27 टन राहत सामग्री भेजी गई है।

