बालाघाट। नक्सलियों के खिलाफ बड़े अभियान के दौरान हॉक फोर्स के बहादुर अधिकारी इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद हो गए। बुधवार को मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा सीमावर्ती जंगलों में चलाए गए संयुक्त एंटी नक्सल अभियान में यह दुखद घटना सामने आई। उनकी शहादत की पुष्टि एंटी नक्सल ऑपरेशन के डीजीपी पंकज श्रीवास्तव ने की है।
जानकारी के अनुसार, तीनों राज्यों की संयुक्त टीम को बोर तालाब के पास नक्सलियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ के दौरान ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को गोली लग गई। उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शहीद इंस्पेक्टर के घर तक अभी यह दुखद समाचार नहीं पहुंचाया गया है। नरसिंहपुर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना, एएसपी संदीप भूरिया सहित पुलिस अमला उनके पार्थिव शरीर को लाने के लिए बालाघाट रवाना हो चुका है। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी केवल शहीद के भाई को दी गई है, जो बालाघाट के लिए निकल चुके हैं।
इंस्पेक्टर आशीष शर्मा की शहादत से पुलिस विभाग और प्रदेश में शोक की लहर है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी क्षति बताते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है

