रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए ‘बिजली बिल हाफ’ योजना में महत्वपूर्ण बदलाव की घोषणा कर दी है। अब 100 यूनिट के बजाय 200 यूनिट तक बिजली उपभोग पर बिल आधा लगेगा। इससे लाखों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। भास्कर डिजिटल ने 10 दिन पहले ही इस फैसले की भविष्यवाणी कर दी थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा के विशेष सत्र के समापन पर इस नई व्यवस्था का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर 2025 से नई योजना लागू होगी, जिसके तहत 400 यूनिट प्रतिमाह तक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को पहले 200 यूनिट पर ‘बिजली बिल हाफ’ का लाभ मिलेगा। इसका फायदा 45 लाख से अधिक परिवारों को मिलेगा।
800-900 रुपए का बिल घटकर 420-435 रुपए तक
नई व्यवस्था में 200 यूनिट बिजली पर अब तक जहां 800 से 900 रुपए तक का बिल आता था, वहीं अब उपभोक्ताओं को केवल 420 से 435 रुपए ही देने होंगे। इससे मध्यमवर्ग और निम्नवर्गीय परिवारों को बड़ी वित्तीय राहत मिलेगी।
4 महीने में दूसरी बार बदलाव
1 अगस्त 2025 को राज्य सरकार ने पूर्ववर्ती भूपेश सरकार की ‘400 यूनिट बिजली बिल हाफ’ योजना में बड़ा संशोधन करते हुए हाफ बिल की सीमा 400 यूनिट से घटाकर 100 यूनिट कर दी थी। इस फैसले से लाखों घरेलू उपभोक्ताओं पर सीधा भार बढ़ गया था और उनका बिजली बिल करीब दोगुना हो गया था। अब 200 यूनिट तक हाफ बिल लागू होने से वे फिर से राहत की उम्मीद कर सकते हैं।

