बिलासपुर। तखतपुर में कथा के दौरान सतनामी समाज पर अभद्र टिप्पणी करने वाले कथावाचक आशुतोष चैतन्य को बड़ी राहत मिली है। विशेष न्यायालय एसटी-एससी कोर्ट ने कथावाचक को जमानत मंजूर कर दी है। साथ ही भविष्य में किसी भी सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी न करने की सख्त हिदायत भी दी है।
टिकरीपारा में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान कथावाचक द्वारा समाज विशेष पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया था। इसके बाद सतनामी समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने तखतपुर थाने का घेराव कर कथावाचक की गिरफ्तारी की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कथावाचक पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) सहित एससी-एसटी एक्ट की धारा जोड़ी गई थी। शनिवार को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
हालांकि, सोमवार को कोर्ट ने बेल मंजूर करते हुए भविष्य में किसी भी तरह की विवादित टिप्पणी से बचने का निर्देश दिया है।
समाज का कहना है कि आपत्तिजनक बयान पर कथावाचक ने माफी जरूर मांगी थी, लेकिन गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोग अड़े रहे। एडिशनल एसपी अर्चना झा ने समाज को निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांति बनाए रखने की अपील की थी।

