धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड़ बस्ती में एक प्रेम प्रसंग का मामला बड़े विवाद का रूप ले बैठा। अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक सोनू गोप को लड़की के परिजनों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद परिजनों ने युवक से लड़की की मांग में जबरन सिंदूर भरवा दिया।
जानकारी के अनुसार, सोनू गोप का तीन साल से युवती के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इस बीच युवती की शादी बोकारो में तय हो गई थी, लेकिन सोनू ने फोन कर दूल्हे पक्ष को उनके रिश्ते के बारे में बता दिया, जिससे शादी टूट गई। नाराज परिजन शादी का प्रस्ताव लेकर सोनू के पिता के पास पहुंचे, पर सहमती नहीं बनी।
विवाद बढ़ने पर सोनू लड़की से मिलने उसके घर पहुंच गया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। सूचना पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बातचीत के बाद युवक ने लड़की की मांग में सिंदूर भरा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

