-->
Type Here to Get Search Results !
ब्रेकिंग न्यूज़

धान खरीदी : समर्थन मूल्य से किसानों को मिल रही राहत


धान खरीदी : समर्थन मूल्य से किसानों को मिल रही राहत

*धान उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्था से किसानों में उत्साह*
बिलासपुर, 26 नवम्बर 2025/जिले के कोटा विकासखण्ड के रानीगांव उपार्जन केंद्र में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत ने किसानों के बीच उत्साह और विश्वास का नया माहौल तैयार किया है। सुव्यवस्थित व्यवस्था, पारदर्शी प्रक्रिया और किसान हितैषी नीतियों के कारण किसानों के चेहरों पर संतोष झलक रहा है। रानीगांव के किसान कोमल प्रसाद गहवई ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों से अब किसानों के जीवन में समृद्धि आ रही है। 
कोमल प्रसाद गहवई आज अपने 18 क्विंटल धान के साथ रानीगांव उपार्जन केंद्र पहुँचे। उन्होंने बताया कि मंडी में प्रवेश से लेकर तौल-कांटा तक की पूरी प्रक्रिया तेज, साफ-सुथरी और व्यवस्थित रही। पर्याप्त बारदाना, सटीक तौल, कर्मचारियों का सहयोगी रवैया था। उपार्जन केंद्र को विशेष रूप से किसान सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया। स्वच्छ पेयजल, छाया में बैठने की व्यवस्था, भीड़ और अव्यवस्था पर नियंत्रण, इन सुविधाओं ने किसानों की थकान और चिंता दोनों कम की हैं। उन्होंने कहा कि कतारें पहले की तुलना में कम थीं क्योंकि ऑनलाईन टोकन सुविधा के कारण हर किसान को उसके क्रम के अनुसार बुलाया जा रहा है। इसी तरह रानीगांव के एक और किसान धु्रव कुमार गहवई ने कहा कि वे छोटे किसान हैं इस वर्ष उन्होंने 11 क्विंटल धान बेचा है। धान बेचने में उन्हें किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा घोषित 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य से किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है। 
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष टोकन प्रणाली से किसानों को काफी सुविधा हो रही है। तुंहर टोकन हाथ ऐप से किसान स्वयं आसानी से टोकन कटाकर अपना धान बेच पा रहे है। किसानों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराए गए, जिससे लंबी कतारों से निजाद और समय की काफी बचत हो रही है। दोनों किसानों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि-“मुख्यमंत्री जी की किसान हितैषी नीतियों ने ये सिद्ध है कि सरकार वास्तव में किसानों के लिए काम कर रही है। अब धान खरीदी केंद्रों में न केवल सुविधाएँ बढ़ीं है बल्कि प्रबंधन भी बेहतर हुआ है। 
धान खरीदी केंद्र के प्रभारी प्रबंधक इंद्रमणी देवांगन ने बताया कि केंद्र में धान खरीदी के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि छोटे किसानों के लिए टोकन प्राथमिकता के साथ केंद्र में ही काटा जा रहा है। बहुत से किसान ऐप के माध्यम से टोकन कटाकर धान बेचने पहुंच रहे है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार केंद्र में किसानों की सुविधाओं का पूरी तरह ध्यान रखा जा रहा है। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.